IND vs AFG Test: मोहम्मद सिराज के खेलने पर सस्पेंस, पढ़िए पूरी खबर
भारतीय टीम अफगानिस्तन के खिलाफ टेस्ट मुकाबले के लिए मुल्लांपुर पहुंच चुकी है। टीम की तैयारी के कुछ वीडियो भी आए हैं। इस बीच मोहम्मद सिराज शायद इस मैच को मिस करेंगे। हालांकि आखिरी फैसला आने वाले दो से तीन दिन में लिया जाएगा।

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मुकाबला 6 जून से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए टीम इंडिया के प्लेयर्स न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर पहुंच गए हैं। उनकी तैयारी शुरू हो चुकी है, लेकिन इस बीच एक पेंच फंस गया है। दरअसल टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज इस मैच में खेल पाएंगे कि नहीं, ये अभी तक पक्का नहीं हैं। अगर वे नहीं खेले तो माना जा रहा है कि औकिब नबी को मौका मिल सकता है।
मोहम्मद सिराज ने आईपीएल में लगातार खेले हैं मैच
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज लगातार क्रिकेट खेल रहे थे। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे थे। उन्होंने अपनी टीम के लिए सारे मैच खेले। गुजरात टाइटंस की टीम फाइनल तक भी पहुंची और सिराज उस मैच में भी नजर आए थे। वे टेस्ट स्क्वाड में शामिल किए गए हैं। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। वे इस मैच का हिस्सा नहीं हैं। हर्षित राणा और आकाश दीप तो अपनी चोट के कारण आईपीएल भी नहीं खेल पाए थे। इसके बाद सबसे बड़ी जिम्मेदारी सिराज के ही कंधों पर है।
जल्द हो सकता है सिराज के खेलने पर फैसला
इस बीच खबर है कि मोहम्मद सिराज मुल्लांपुर पहुंचे हैं, लेकिन लगातार मैच खेलने के कारण वे इस मैच से बाहर हो सकते हैं। हालांकि इस पर आखिरी फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। मैच छह जून से होगा, इससे एक दिन पहले कप्तान शुभमन गिल मीडिया से बात करेंगे, उस दिन भी कप्तान इस बात का खुलासा कर सकते हैं। उनकी हालत कैसी इस पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दो से तीन दिन के भीतर इस पर से पर्दा हटा जाएगा।
प्रसिद्ध कृष्णा के साथ नजर आ सकते हैं औकिब नबी
अगर सिराज इस मैच का हिस्सा नहीं होते हैं तो प्रसिद्ध कृष्णा को पेस अटैक की कमान संभालनी होगी। उम्मीद की जा रही है कि इस मैच में औकिब नबी को मौका दिया जा सकता है। एक दिन पहले ही बीसीसीआई ने ऐलान किया है कि औकिब नबी टीम के साथ नेट बॉलर के तौर पर जुड़ेंगे। वे अभी स्क्वाड में शामिल तो नहीं किए गए हैं, लेकिन उम्मीद है कि अगर उन्हें खेलना हुआ तो इसका ऐलान भी कर दिया जाएगा। जम्मू कश्मीर की ओर से खेलने वाले औकिब नबी का पिछला रणजी सीजन काफी अच्छा गया था, उसके बाद ही वे सुर्खियों में आ गए थे। देखना होगा कि क्या उन्हें इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा।
टीम इंडिया की तैयारी का वीडियो यहां देखें




