अभी और सताएगी गर्मी, जून में 121 साल बाद 42 डिग्री पार पहुंचा देहरादून का तापमान

Update: प्रदेश के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में झोंकेदार हवाओं के साथ गर्म हवा परेशान कर सकती हैं।

देहरादून। मई के बाद जून में भी चिलचिलाती गर्मी खूब परेशान कर रही है। आलम यह है कि 121 साल बाद दून का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। इसके चलते दिन के साथ रात को भी गर्म हवाओं ने जमकर झुलसाया। इससे पहले साल 1902 की चार जून को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री रहा था, जो अभी तक का जून महीने का अधिकतम तापमान है।

दिन प्रतिदिन बढ़ती गर्मी की वजह मौसम वैज्ञानिक प्री मानसून की बारिश का न होना भी बता रहे हैं। इतना ही नहीं अगले दो दिन भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है इस बारिश में आई गिरावट और जलवायु परिवर्तन के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक भीषण गर्मी पड़ रही है। यही वजह है कि दिन के साथ रात को भी गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो बृहस्पतिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 42.4 डिग्री रहा। रात का न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री इजाफे के साथ 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने के आसार हैं।

Uttarakhand Weather Update Dehradun temperature crossed 42 degrees in June after 121 years no relief

मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं का अलर्ट

प्रदेश के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार हल्की बारिश होने की संभावना है। जबकि मैदानी इलाकों में झोंकेदार हवाओं के साथ गर्म हवा परेशान कर सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। जबकि मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। केंद्र की ओर से गर्म हवाओं का ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यह रहा तापमान

शहर           अधिकतम      न्यूनतम
देहरादून           42.4             26.0
पंतनगर            41.0             23.0
मुक्तेश्वर            31.0             18.2
नई टिहरी          31.6             20.2

Related Articles

Back to top button