दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
Dharmendra passed away: हिंदी सिनेमा चहेते धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। दिग्गज अभिनेता का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

मुंबई। हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 89 वर्ष की आयु में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया, और उनके साथ ही हिंदी फिल्म उद्योग के एक महत्वपूर्ण युग का भी अंत हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सांस लेने में दिक्कत बढ़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। इस दौरान पूरा देओल परिवार मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में मौजूद रहा, और कई बॉलीवुड सितारे भी उनका हाल जानने पहुँचे। सलमान खान से लेकर शाहरुख खान तक कई बड़ी हस्तियां उनसे मिलने आईं। बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन घर पर भी वे लगातार डॉक्टरों की निगरानी में थे।
12 नवंबर को हॉस्पिटल से हुए थे डिस्चार्ज
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को 12 नवंबर को ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया था। वो दो दिन वैंटिलेटर पर थे। धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ थी, जिसके चलते उन्हें मुंबई के कैंडी हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था।
लगातार डॉक्टर की निगरानी में थे धर्मेंद्र
बीते कुछ दिनों से धर्मेंद्र लगातार डॉक्टर्स की निगरानी में बने हुए थे। लेकिन, कई कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। उन्होंने 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनकी मौत ने सभी को हैरान कर दिया है। उनके निधन ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। लंबे समय से दिग्गज अभिनेता के फैंस के बीच उनकी अच्छी सेहत के लिए दुआओं का दौर जारी था।
वेंटिलेटर पर थे धर्मेंद्र
बता दें, धर्मेंद्र की तबीयत 1 नवंबर को खराब हुई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उनकी तबीयत के ज्यादा बिगड़ने की खबर आई, जिसके बाद उनका पूरा परिवार उनसे मिलने अस्पताल पहुंचा। दूसरी तरफ शाहरुख खान, सलमान खान से लेकर आमिर खान तक, बॉलीवुड के कई बड़े सितारे उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
धर्मेंद्र का 65 साल लंबा फिल्मी सफर
धर्मेंद्र ने 1960 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली फिल्म “दिल भी तेरा हम भी तेरे” थी, जिसके बाद वे 1961 में आई फिल्म “बॉय फ्रेंड” में सपोर्टिंग रोल में नजर आए। पूरे 65 साल तक एक्टिव रहते हुए धर्मेंद्र ने हिंदी सिनेमा को कई हिट, सुपरहिट और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। अपने करियर में उन्होंने शोले (1975), चुपके-चुपके (1975), सीता और गीता (1972), धरमवीर (1977), फूल और पत्थर (1966), जुगनू (1973) और यादों की बारात (1973) जैसी यादगार फिल्मों में काम किया, जो आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।




