उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने गिनाई धामी सरकार की खामियां
समाजसेवी भावना पांडे ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में हर वर्ग की जन भावनाओं और जन आकांक्षाओं के साथ खिलवाड़ हुआ है।

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी, राज्य आंदोलनकारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी भावना पांडे ने उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के तौर पर पुष्कर सिंह धामी के चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर उनकी सरकार की खामियां गिनाई।
मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल की नाकामियों का ज़िक्र करते हुए उत्तराखंड की बेटी भावना पांडे ने धामी सरकार पर कईं आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। कईं मामूली कर्मचारी से लेकर बड़े अधिकारी तक भ्रष्टाचार में लिप्त नज़र आ रहे हैं। वहीं प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है।
राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज उत्तराखंड में माफियाओं का राज है। भाजपा के राज में प्रदेशभर में माफियाओं का वर्चस्व बढ़ा है। आज भूमाफिया, शराब माफिया और खनन माफिया सरकार पर हावी नज़र आ रहे हैं। प्रदेश में मंत्रियों और नेताओं की मदद से माफिया फलफूल रहे हैं।
समाजसेवी भावना पांडे ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में हर वर्ग की जन भावनाओं और जन आकांक्षाओं के साथ खिलवाड़ हुआ है। किसान, युवा, महिला, व्यापारी व वृद्धजनों के साथ भाजपा ने धोखा किया। इन वर्षों में भाजपा की कथनी और करनी में गंभीर अंतर रहा। प्रचार से जनता के असली सवालों से बचने का प्रयास किया गया। उन्होंने धामी सरकार के 4 वर्ष के कार्यकाल को विफलताओं का कार्यकाल बताया।